चंपावत। बारिश के बाद जिले की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए गड्ढे भरने, मलबा हटाने और नालियों की सफाई का काम कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और पीएमजीएसवाई की टीमें प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण संपर्क सड़कों पर भी काम कर रही हैं।
बारिश के दौरान भूस्खलन और कटाव से सड़कों पर आए मलबे और बोल्डरों को जेसीबी और क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है। क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पैचवर्क के साथ सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई भी कराई जा रही है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा न हो। मोड़ों और संवेदनशील स्थानों पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों को भी काटा जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को मरम्मत और सफाई कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।