चंपावत के सीमांत कारी के लिए सड़क कटिंग शुरू होने के अवसर पर मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले के सीमांत मंच तामली मोटर मार्ग से कारी ग्राम पंचायत के लिए सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। ग्रामीणों की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को पूजा अर्चना के बाद जेसीबी के माध्यम से सड़क कटिंग का कार्य शुरू किया गया।
बता दें कि कारी के ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठा रहे थे। ग्रामीणों ने बीते दिनों क्षेत्र के दौरे पर आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन विकास निगम अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी के समक्ष भी सड़क निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच-तामली मोटर मार्ग से कारी ग्राम पंचायत तक दो किमी लंबाई की सड़क बनाने की घोषणा की थी।
लोक निर्माण विभाग ने सर्वे सहित अन्य प्रारंभिक कार्य पूरे कर बृहस्पतिवार को जेसीबी के माध्यम से सड़क कटिंग का कार्य शुरू कराया। इस दौरान युवक मंगल दल अध्यक्ष अमन तड़ागी, दिलीप सिंह महर, ग्राम प्रधान मुन्नी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज जोशी, गौरी सिंह, चंचल सिंह, मोती सिंह, डूंगर सिंह, दीवान सिंह, हयात राम आदि थे।