टनकपुर-चंपावत मार्ग में स्वांला के पास बहा सड़क का हिस्सा।
- फोटो : TANAKPUR
मूसलाधार बारिश के बीच टनकपुर-चंपावत मार्ग पर बृहस्पतिवार को यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। आठवें मील और सिन्याड़ी के पास मलबा आने के कारण टनकपुर से चंपावत की ओर करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पर्वतीय मार्ग पर जाने वाले वाहनों को ककरालीगेट बैरियर पर ही रोके रखा। ठेकेदार कंपनी की ओर से जेसीबी से मलबा हटाकर रास्ता खोलने के बाद यातायात सुचारु हो पाया।
बृहस्पतिवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश ने टनकपुर-चंपावत मार्ग को बाधित कर दिया। बताया गया कि आठवें मील, सिन्याड़ी समेत कई स्थानों पर बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया। वहीं स्वांला के पास सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर खाई में समा गया है।
स्वांला के पास करीब तीन घंटे मार्ग बंद रहा। इधर मूसलाधार बारिश और मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने ककरालीगेट बैरियर बंद कर पहाड़ को जा रहे वाहनों को रोक दिया जिससे बड़ी संख्या में वाहन और यात्री ककरालीगेट पर ही फंसे रहे।
करीब एक घंटे बाद चल्थी तक मार्ग खुलने के बाद वाहनों को पहाड़ के लिए रवाना किया गया लेकिन स्वांला के पास सड़क का काफी हिस्सा कटकर खाई में समाने से यात्रियों को दो घंटे स्वांला में रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा।
ठेकेदार कंपनी ने क्षतिग्रस्त हिस्से में पहाड़ी काटकर रास्ता खोला जिसके बाद आवागमन सुचारु हो पाया। तहसीलदार खुशबू पांडेय ने बताया कि दोपहर बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया है।
टनकपुर-चंपावत मार्ग में आठवें मील पर मलवे से पटी सड़क।- फोटो : TANAKPUR