चंपावत। जिले में राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार स्थानीय निकायों की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नवनीत पांडे ने चंपावत की तीन नगर पालिका परिषदों और एक नगर पंचायत की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य की समय सारिणी घोषित कर दी गई है।
एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि निकायों की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य के लिए दो से छह नवंबर तक संगणकों, पर्यवेक्षकों तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति तथा कार्य क्षेत्र आवंटन किए जाएंगे। सात नवंबर से नौ नवंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
14 नंवबर से आठ दिसंबर तक संगणक घर-घर जाकर गणना, सर्वेक्षण करेंगे। नौ जनवरी से 15 जनवरी 2024 तक दावे, आपत्ति दाखिल करने, 16 से 22 जनवरी तक दावे, आपत्तियों का निराकरण और दो फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में उन सभी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे जो एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे। संवाद