चंपावत एनआईसी में मंडलायुक्त से वीडियो कांफ्रेसिंग करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री की घोषणाओं के साथ मंडल में चल रहे विकास कार्यों के अलावा सड़क, पेयजल, अटल आयुष्मान योजना, जिलों में आईसीयू की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण में बार-बार हो रही रिटेंडरिंग प्रक्रिया पर अंकुश लगाएं। उन्होंने जिला व राज्य स्तर पर लंबित सड़कों और धनाभाव के कारण आधी अधूरी पड़ी सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त ने मंडल में कछुवा गति से बन रहे अटल आयुष्मान कार्डों की प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि जल संस्थान और पेयजल निगम लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएं। आयुक्त ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन के लिए गुणवत्ता युक्त सड़कों के साथ ही गुणवत्ता युक्त पुलों का भी निर्माण होना चाहिए।
डीएम रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री की ओर से घोषित कोई सड़क लंबित नहीं है। उन्होंने बताया कि बाराकोट आईटीआई को मॉडल बनाने, कठुवापाती में सिडकुल निर्माण और टनकपुर बस वर्कशाप की घोषणा विलुप्त हो गई है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम दयानंद सरस्वती, तहसीलदार खुशबू पांडेय, डॉ. आरके जोशी, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, केके जोशी, डीडी भट्ट, बीके जोशी, डॉ. बीएस जंगपांगी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।