चंपावत जिला सभागार में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का दूसरा रेंडमाइजेशन किया गया।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। विधानसभा उपचुनाव में मतदान के लिए प्रयुक्त होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का दूसरा रेंडमाइजेशन पूरा कर लिया गया है। चुनाव आयोग की ओर से तैनात सामान्य प्रेक्षक अल्का श्रीवास्तव, डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी और विभिन्न राजनीतिक दलों, प्रत्याशी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में रेंडमाइजेशन किया गया। रेंडमाजेशन के बाद बूथ वार ईवीएम आवंटित की गई।
कुल 151 बूथों के लिए 151 बैलेट यूनिट, 151 कंट्रोल यूनिट, 151 वीवीपैट आवंटित हो गई हैं। कुल 91 बैलेट यूनिट, 91 कंट्रोल यूनिट, 129 वीवीपैट को रिजर्व में रखा गया है। जिन्हें मतदान के दिन रिटर्निंग अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मतदान के दिन किसी बूथ में खराब मशीन को तत्काल बदला जा सके। डीएम ने कहा कि चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्षता, लोकतंत्र की गरिमा के साथ पूरा कराने के लिए ईवीएम का रेंडमाइजेशन कराया जाता है। इस मौके पर सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, रिटर्निंग अधिकारी हिमांशु कफल्टिया, डीडीओ संतोष पंत सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्दलीय प्रत्याशी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती का प्रथम रेंडमाइजेशन किया
चंपावत। जिला कार्यालय सभागार में शनिवार को सामान्य प्रेक्षक अल्का श्रीवास्तव की उपस्थिति में मतदान के दिन बूथ में तैनात होने वाले कुल 22 माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती के लिए भी प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। इसके लिए कुल 93 अधिकारियों का विवरण कंप्यूटर में फीड किया गया। इसमें से चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर के अनुसार रिजर्व सहित कुल 28 माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है, जिन्हें 23 मई को जिला पंचायत सभागार चंपावत में प्रशिक्षण दिया जाएगा।