देवीधुरा (चंपावत)। कुमाऊं केशरी खुशीराम शिल्पकार सभा का 103वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कलाकारों ने प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में खुशी राम की मूर्ति में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
सभा के मंडल अध्यक्ष संजय आर्या की अध्यक्षता और एससी/एसटी महासंघ जिलाध्यक्ष पनी राम आर्या के संचालन में हुए समारोह में नैनीताल के मुख्य शिक्षाधिकारी रघु लाल आर्य ने भी शिरकत की। उन्होंने लोगों को अच्छाई के मार्ग पर चलने के साथ अपने अधिकारों के लिए जागरूक होने का आह्वान किया।
पनी राम आर्या का कहना था कि वर्ष 1913 में खुशी राम ने अनुसूचित जाति के लोगों को श्रावण पूर्णिमा के दिन जनेऊ धारण कराया था। उसी दिन शिल्पकार सभा का गठन किया गया था। तब से हर साल इस दिन सभा का वार्षिकोत्सव मनाया जाता है। सुभानंद शिल्पकार, सुरेश चंद्र आर्या ने खुशी राम का संघर्ष बताया।
इस दौरान विभिन्न स्थानों से आए लोक कलाकार तारा राम, दिनेश चंद्र, महेश कुमार, गजेंद्र कुमार, तारा चंद्र, हेमा, लता, सोनू ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा उन्मूलन, सामाजिक कुरीतियों, बाल विवाह पर प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में वासुदेव, रमेश चंद्र आर्य, रघुवर राम, जगदीश राम, मनमनोहर आदि थे।