चंपावत। कोरोना वायरस के खतरे से चंपावत जिला अब तक बचा है। सात सैंपलों की शनिवार को मिली जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इस तरह चंपावत जिले की अब तक की सभी 24 कोरोना परीक्षण की जांच निगेटिव है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 24 सैंपलों की जांच की गई है। ये सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं चंपावत जिले में आइसोलेशन में रखे गए तीन लोगों में से दो को होम क्वारंटीन में भेजा गया है। ब्यूरो
संस्थागत क्वारंटीन से हटाए गए दो और लोग
चंपावत। जिले के दो और लोगों को शनिवार को संस्थागत क्वारंटीन से होम क्वारंटीन किया गया है। इसी के साथ संस्थागत से होम क्वारंटीन लोगों की संख्या बढ़कर अब 19 हो गई है। इस तरह अब जिले में कुल 132 लोग संस्थागत क्वारंटीन में है। जबकि होम क्वारंटीन की संख्या 3816 हो गई है। इसके अलावा 561 लोग चिकित्सा राहत केंद्रों में हैं। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि होम क्वारंटीन किए गए लोगों की ग्राम स्तर पर गठित टीमें निगरानी कर रही हैं। ब्यूरो
होटल में 11 हुई क्वारंटीन किए गए लोगों की संख्या
बनबसा (चंपावत)। स्वास्थ्य विभाग ने एक और व्यक्ति को होटल में क्वारंटीन किया है। अब होटल में क्वारंटीन किए गए लोगों की संख्या 11 हो गई है। डॉ. मो. उमर ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम स्थानीय एक गांव निवासी व्यक्ति दिल्ली से प्रशासन की अनुमति लेकर बाइक से बनबसा पहुंचा था। उसकी स्वास्थ्य की जांच कर सुरक्षा के तहत आगामी 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। बताया कि जिस होटल में पहले से ही दस लोग क्वारंटीन किए गए हैं, उसी होटल में 11वें व्यक्ति को भी रोका गया है। डॉ. उमर ने बताया कि गुदमी ग्रामसभा में बंटाई पर काम करने वाले बहेड़ी यूपी निवासी दो लोगों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें दूरी बनाकर खेतों में काम करने की हिदायत दी गई है। संवाद