झूमाधुरी नंदाष्टमी महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करती कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
पाटन-पाटनी में जारी झूमा धुरी नंदाष्टमी महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े। रूमझुमा सांस्कृतिक मंच पाटन-पाटनी और कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ लोहाघाट ब्लाक के ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष चांद सिंह बोहरा और विशिष्ट अतिथि लड़ीधुरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष नगेंद्र जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। बाबा आदित्यदास की अध्यक्षता में हुई सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ रूमझूमा सांस्कृतिक मंच के कलाकार अक्षय विश्वकर्मा, मनीषा, करन, सलौनी, रश्मि, राजेश ने जै हो बाला गोरिया वंदना से न्याय के देवता गोलज्यू की आराधना से किया। कलाकारों ने लाली हो लाली हौंसिया, पधानी लाली तीले धारो बोला, क्यों लड़िया प्रीत छ यो बाली उमर मां, तेरो मेरा साथ छ यो पैंल जनम मां आदि गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के दल नायक भैरव राय के नेतृत्व में आए कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन पाटनी ने अतिथियों का स्वागत किया। गिरीश कुंवर व शंशाक पांडेय के संचालन में हुए कार्यक्रम में जगदीश अधिकारी, भय्यू बोहरा सहित तमाम लोग मौजूद थे।