लोहाघाट के छमनियां में उगाए गए 7 फिट 3 इंच लंबे धनियां पौध को दिखाती सुशीला चौबे।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। जीआईसी लोहाघाट के जीव विज्ञान प्रवक्ता और जिला स्काउट गाइड के प्रशिक्षण कमिश्नर श्याम दत्त चौबे ने अपने पॉलीहाउस में 7 फुट 3 इंच लंबा धनिये का पौधा उगाया है। चौबे का यह पौधा लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नामांकित होने के साथ ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड को भी भेजा गया है।
श्याम चौबे ने अपने छमनियां स्थित फार्म हाउस में पंत हरितिमा प्रजाति का धनिया लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब एक पखवाड़े पहले धनिया के पौधे की लंबाई 6 फुट 11 इंच मापकर इसे लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नामांकित किया गया था। विगत दिवस कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. एमपी सिंह और एडीओ उद्यान भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने धनिया के पौधे की लंबाई मापी। एडीओ भूपेंद्र ने बताया कि धनिया पौधे की लंबाई 7 फुट तीन इंच पाई गई। इसके साक्ष्य लेकर सुरक्षित रख लिए गए हैं।
चौबे ने बताया कि उन्होंने अपनी राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका पत्नी सुशीला चौबे के सहयोग से बाटनिकल गार्डन में पंत हरितिमा नामक धनिया की प्रजाति को उगाया है। गार्डन में धनिया के अलावा सेब, माल्टा, पुलम, आड़ू, खुमानी, नींबू, शहतूत, अंगूर और न्यूजीलैंड कीवी भी उगाई है। चौबे ने बताया कि लॉकडाउन के चलते लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम ने केवीके के वैज्ञानिक डॉ. एमपी सिंह और जिला उद्यान अधिकारी को रिकॉर्ड करने के लिए अधिकृत किया था। एडीओ उद्यान भूपेंद्र जोशी ने बताया कि धनिया के पौधे की लंबाई मापकर रिकॉर्ड बुक मुख्यालय भेजी गई है।