चंपावत में वाई फाई के लिए लगाया गया सेटअप।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के लोगों को 2016 के जाते-जाते मुफ्त वाईफाई की सौगात मिल गई है। शनिवार को इसकी शुरुआत हो गई। इसके लिए चार सेटअप लगाए गए हैं। शहर के 300 मीटर हवाई रेंज में 24 घंटे इसका लाभ मिलेगा।
वाईफाई सेवा संचालित करने वाली कंपनी के इंजीनियर विजय टम्टा ने बताया स्टेशन रोड, तहसील, पर्यटक आवास गृह, जिला अस्पताल के पास सेटअप लगाए गए हैं।
इनकी क्षमता 10 एमबीपीएस की है। इससे डाउन लोड करने, सर्च करने सहित अन्य सुविधा का मुफ्त में लाभ उठाया जा सकेगा। विधायक हेमेश खर्कवाल ने फ्री वाईफाई के लिए विधायक निधि से 9 लाख रुपए दिए थे। ईमेल आई और मोबाइल नंबर दर्ज कर इसे चालू किया जा सकेगा।
सुस्त नेटवर्क से लोग परेशान रहे
चुनाव के ऐन पहले लोगों को फ्री वाईफाई की सुविधा तो मिली पर लोगों का पहला दिन ठीक नहीं रहा। ज्यादातर लोग इस वाईफाई का लाभ नहीं उठा सके। शहर के सुनील कार्की ने फ्री वाईफाई का लाभ लेने के लिए अपने स्मार्ट फोन से कनेक्ट किया, मगर वाईफाई की धीमी गति से सुविधा नहीं मिल पाई। हरीश सक्टा, हेमंत वर्मा को भी इसी तरह की दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। दिग्विजय सिंह तो काफी प्रयास के बावजूद सुस्त नेटवर्क की वजह से कनेक्ट ही नहीं हो सके। ज्यादातर लोगों का कहना है कि अगर ऐसी ही स्पीड रही, तो वाईफाई का लाभ मिलना मुश्किल हो जाएगा।