लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के कलीगांव के ग्रामीणों की बैठक हुई। ग्रामीणों ने गांव में करीब डेढ़ वर्ष से ग्राम पंचायत का गठन न होने के चलते ग्राम प्रधान पद पर दोबारा चुनाव कराने की मांग की। इस दौरान कई समस्याओं पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को ज्ञापन भेजकर कहा कि कलीगांव में ग्राम प्रधान का कार्यकाल करीब डेढ़ वर्ष का हो चुका है, लेकिन वार्ड सदस्य न मिलने के कारण ग्राम पंचायत का विधिवत गठन नहीं हो पा रहा है। इससे गांव का विकास काफी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से पंचायती राज अधिनियम में उल्लेखित नियमानुसार ग्राम प्रधान को पद से हटाकर पद शून्य घोषित कर इस पद पर दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने जीजीआईसी को जाने वाले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, सुबह के वक्त इस मार्ग पर माल गाड़ी पर प्रतिबंध करने, सड़क किनारे निर्माण आदि सामग्री न डालने, पिकअप से बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश निषेध, घरों का मलबा सड़क पर डालने वालों पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया। कहा कि नियमों का पालन न करने वाले लोगों का सामूहिक रूप से बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में प्रदीप मेहता, खुशाल सिंह, कैलाश सिंह मेहता, प्रकाश मेहता, दान सिंह, नारायण पुजारी, शंकर सिंह, शोबन सिंह, किशोर मेहता, बसंत राम, नारायण राम, भुवन प्रसाद, पंकज सिंह, देव सिंह पुजारी, एसएस पुजारी आदि रहे।