चंपावत। जिले के सीमांत तामली में सोमवार को डीएम डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय जन सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से निशुल्क दवाओं के वितरण के साथ साथ स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कृषि, पशुपालन, उद्यान विभागों की ओर से विभागीय स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में आधारकार्ड शिविर लगाने की मांग उठाई।
डीएम ने कहा कि बहुउद्देश्यीय जन सुविधा शिविर का मुख्य उद्देश्य है कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा सके, ताकि लोगों को मुख्यालय के चक्कर बार बार न काटने पड़े। एसपी लोकेश्वर सिंह ने महिलाओं से संबंधित कानून, बच्चों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण (पॉस्को) अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण आदि की जानकारी दी।
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन के दो, विधवा पेंशन के एक, पारिवारिक लाभ का एक और परित्यागता पेंशन के दो आवेदन स्वीकृत किए। इस दौरान उर्जा निगम से संबंधित 15 शिकायतें दर्ज हुई। जिसमें सात शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। पंचायती राज विभाग ने ऑनलाइन पांच परिवार रजिस्टर की नकल जारी की। बाल विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पांच फार्म भरे गए, नंदा गौरा के दस आवेदन तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत छह वैष्णवी किट प्रदान किए गए।
शिविर में ये अधिकारी रहे मौजूद
चंपावत। बहुउद्देश्यीय शिविर में एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, सीईओ आरसी पुरोहित, सीमएओ आरपी खंडूरी, डीडीओ संतोष कुमार पंत, बीडीओ कमल किशोर पांडेय, कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती, डीपीओ पीएस बृजवाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)