चंपावत। टनकपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना के बीच मानवता और साहस की मिसाल पेश करते हुए एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना दो लोगों की जिंदगी बचाई। इस वीरता के लिए राजेंद्र सिंह धाम को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया है।
25 सितंबर 2023 को एनएच-09 पर आठवीं मील के पास ग्राम जौलपुर धाम निवासी पूरन तिवारी और पान सिंह दोपहिया वाहन से टनकपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों सड़क पर गिर पड़े और तेंदुआ पूरन तिवारी को पकड़कर झाड़ियों की ओर घसीटने लगा। घटना के समय पास ही मौजूद ग्राम ज्ञानखेड़ा, टनकपुर निवासी राजेंद्र सिंह धामी ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया। उन्होंने बिना देर किए अपने वाहन से उतरकर सीधे तेंदुए का सामना किया और उसे खदेड़ दिया। उनकी इस बहादुरी से दोनों घायल व्यक्तियों की जान बच सकी। इसके बाद धामी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अपने निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया जहां समय पर इलाज मिलने से दोनों की हालत स्थिर हो सकी।
डीएम मनीष कुमार ने राजेंद्र सिंह को उनकी बहादुरी और साहस के लिए सम्मानित किया। उन्होंने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया और उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में इस प्रकार की निस्वार्थ सहायता समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जनपदवासियों से सेवा भावना के साथ समाज के प्रति अपना योगदान देने की अपील की।