साप्ताहिक अवकाश के दिन रविवार को मां पूर्णागिरि धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी रही। करीब 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर मां के दरबार में पूजा-अर्चना की। इधर यात्रियों की कमी के कारण रेलवे ने एक मेला स्पेशल ट्रेन बंद कर दी है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि शनिवार की रात से रविवार शाम तक करीब 10 हजार से अधिक यात्री पहुंचे हैं। उनका मानना है कि स्कूलों में छुट्टियां पड़ने और गेहूं की फसल कटाई का काम खत्म होने के बाद उत्तर भारत से आने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। इधर यात्रियों की कम आवाजाही से रेलवे ने गत शुक्रवार से एक मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन बंद कर दिया है। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक गोपाल सिंह बोहरा ने बताया कि रुटीन ट्रेनों के अलावा पूर्णागिरि मेले के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन यात्रियों के कम आने से सुबह 3:5 पर अप 3:45 डाउन होने वाली ट्रेन बंद करनी पड़ी है। उनका कहना है कि यात्री बढ़ने पर बंद की गई ट्रेन का संचालन फिर शुरू किया जाएगा।
यूपी के मंत्री अरविंद आज पूर्णागिरि दर्शन को आएंगे
टनकपुर (चंपावत)। उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरविंद कुमार सोमवार को मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को आएंगे। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने बताया कि मंत्री दोपहर साढ़े चार बजे पीलीभीत से पूर्णागिरि पहुंचेंगे और दर्शन करने के बाद पीलीभीत के लिए रवाना होंगे।