टनकपुर (चंपावत)। जिला न्यायालय से फैसला रेलवे के पक्ष में आने के बाद रेलवे प्रशासन अब अपनी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की तैयारियों में जुट गया है। चिह्नित एक होटल और रिक्शा स्टैंड को ध्वस्त करने के बाद दूसरे दिन रेलवे की टीम दिन भर मलबा हटाने में जुटी रही।
रविवार को रेलवे प्रशासन की ओर से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण का मलबा मशीन लगाकर हटाया गया। रेलवे आरपीएफ चौकी इंचार्ज चंद्र प्रकाश ने बताया कि पांच में एक चिह्नित अतिक्रमण फौजी होटल को ध्वस्त कर दिया है। अब चार अन्य चिह्नित अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्हें सामान खाली करने के लिए नोटिस भेज दिए हैं। इसके बाद शेष चिह्नित अतिक्रमणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इधर, रेलवे की ओर से रेलवे कालोनी में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से खलबली मची है। रविवार को दिन भर रेलवे के अधिकारी शांत नजर आए। सूत्रों की माने तो रेलवे ने 108 चिह्नित अतिक्रमण को हटाने की रूपरेखा तैयार कर ली है।