टनकपुर में बनकर तैयार रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर में बड़ी रेल लाइन सेवा का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। रेल लाइन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। रेलवे विभाग क्षेत्र के लोगों को नए साल में रेल सेवा का तोहफा देने की तैयारी में है। रेलवे विभाग के अनुसार केंद्रीय संरक्षा आयुक्त 20 दिसंबर से पहले नवनिर्मित ब्राडगेज लाइन के निरीक्षण के लिए टनकपुर आ सकते हैं। संरक्षा आयुक्त द्वारा हरी दिए जाने के चार-पांच दिन बाद टनकपुर से रेल सेवा शुरू हो जाएगी।
टनकपुर से पीलीभीत तक मीटर गेज लाइन को ब्राडगेज में बदलने का काम पिछले एक साल से चल रहा है। पीलीभीत से मझोला तक बड़ी लाइन बिछाने का काम पूरा कर रेल सेवा शुरू हो चुकी है। अब मझौला से टनकपुर तक बड़ी लाइन बिछाने का भी काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इन दिनों स्टेशनों को हाइटैक करने का कार्य तेजी से चल रहा है। प्लेटफार्म, और उस पर बने ओवर ब्रिज, नए वेटिंग रूम आदि को चमकाया जा रहा है।
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि लाइन बिछाने के साथ ही सिग्नल, संटिंग आदि कार्य पूरा होने के बाद कार्य की पत्रावलियां केंद्रीय संरक्षा आयुक्त को भेजी जा चुकी है। इससे पहले भी उन्हें पत्रावलियां भेजी गई थी, लेकिन तब कार्य अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने पत्रावलियां लौटा दी थी। इस बार उनके द्वारा पत्रावलियां स्वीकार किए जाने से उम्मीद है कि जल्द ही इसी माह केंद्रीय संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की तिथि तय कर सकते हैं। निरीक्षण के बाद यदि संरक्षा आयुक्त ने रेल सेवा शुरू करने की सहमति दी तो निरीक्षण के चार-पांच दिन बाद रेल सेवा शुरू कर दी कर दी जाएगी।
31 दिसंबर को पूर्णागिरि में उमड़ेगा भक्तों का सैलाब
टनकपुर। रेलवे ने 31 दिसंबर से पहले रेल सेवा शुरू की तो इस बार मां पूर्णागिरि धाम में नए साल के स्वागत में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी सकती है। बता दें कि मां पूर्णागिरि के दर्शन से नए साल की शुरूआत करने के लिए मां के धाम में हर साल 31 दिसंबर को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।