चंपावत। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन में फार्मेसिस्टों से अपनी लंबित मांगों के निस्तारण के लिए एकजुट होेने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य सीएमओ डॉ. एमएस बोहरा ने फार्मेसिस्टों को स्वास्थ्य विभाग की धुरी बताते हुए उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
जिला अस्पताल परिसर में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ.एमएस बोहरा, एसीएमओ डॉ.रश्मि पंत व डॉ.केसी ठाकुर और नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने संयुक्त रुप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष आरएस ऐरी और मंडलीय सचिव जेसी पाठक ने संवर्ग का पुनर्गठन कर पदोन्नति के पदों का सृजन, मरीज देखरेख भत्ता, प्रोत्साहन भत्ता सहित विभिन्न लंबित मांगों के समाधान की मांग की।
अधिवेशन में जिलाध्यक्ष सुरेश पाटनी, अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष डीपी जोशी, पिथौरागढ़ के केएस अधिकारी, मंत्री पीएल वर्मा, ऊधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष बीएन बेलवाल, मंडलीय कोषाध्यक्ष विनोद भट्ट ने विचार रखे। अधिवेशन में संयोजक विष्णु गिरि गोस्वामी, जगदीश कांडपाल, महेश भट्ट, जेएस कुंवर सहित तमाम फार्मेसिस्टों ने एकजुटता से विभिन्न मसलों को लेकर आवाज उठाने का आह्वान किया। संचालन महामंत्री मुकुल कुमार राय ने किया।