मेडिकल स्टोर में छापे के दौरान दवाएं चेक करते डॉक्टर और पुलिस कर्मी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। प्रतिबंधित नशीली दवा बेचने की शिकायत पर स्वास्थ्य और पुलिस टीम ने शहर के एक मेडिकल स्टोर में अचानक छापा मारा। इस दौरान प्रतिष्ठान में किसी तरह की नशीली दवाएं नहीं मिली। मेडिकल स्टोर स्वामी को नोटिस देकर नशीली दवाएं बेचने पर दुकान सील करने की हिदायत दी गई है।
पुलिस के अनुसार एक महिला ने देहरादून कंट्रोल रूम में शहर के एक मेडिकल स्टोर के स्वामी द्वारा युवाओं को प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने की शिकायत की। कंट्रोल रूम की सूचना पर एसीएमओ डॉ. एचएस हयांकी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने फौरन उक्त मेडिकल स्टोर में छापा मार दुकान और गोदाम में रखी दवाओं का स्टॉक चेक किया। एसीएमओ डॉ. हयांककी ने बताया कि छापे मेें किसी तरह की प्रतिबंधित नशीली दवाओं का स्टॉक नहीं मिला है। अलबत्ता मेडिकल स्वामी को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की ओर से संयुक्त नोटिस जारी कर नशीली दवा बेचने पर मेडिकल स्टोर सील करने की हिदायत दी गई है। छापा मारने वाली टीम चिकित्साधिकारी डॉ. आफताब अंसारी, डॉ. मो. उमर के अलावा उप निरीक्षक योगेश दत्त, एसआई अंजू यादव शामिल थे। संवाद