मिरतोला की रामलीला में रावण अंगद संवाद का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों भी रामलीला का दिलकश मंचन हो रहा है। अमोड़ी की रामलीला में राम द्वारा रावण को मारने के साथ ही लीला का समापन हो गया। बाद में यहां प्रसाद वितरित किया गया। लीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित खीमानंद भट्ट ने सभी का आभार जताया।
वहीं क्वैराला घाटी के मिरतोला में अंगद-रावण संवाद का दिलकश नजारा पेश किया गया। अंगद ने रावण लंका वाले मत वाले कुलघाले जरा अपनी जान बचा ले चौपाई के जरिए चुनौती दी। जबकि जवाब में रावण ने अंगद को वानर जाति उत्पाती कुलघाती जरा शरम तुझे नहीं आती कह चेताता है। अंगद की भूमिका में दीपक जोशी व रावण की भूमिका में हयात सिंह परवाल ने उम्दा अदाकारी से दर्शकों का मन मोहा।
डा.प्रकाश चंद्र जोशी शूल के संचालन में चल रही लीला में कमेटी अध्यक्ष हेत सिंह बोहरा, व्यवस्थापक माधवानंद नरियाल, गंगा दत्त नरियाल, हरीश नरियाल, कैलाश जोशी, हरीश जोशी, लक्ष्मण सिंह आदि सहयोग कर रहे है। प्रोमटर भुवनेश जोशी, बाजा वादक महेश जोशी, तबले में संगत नारायण दत्त गहतोड़ी दे रहे हैं।