टनकपुर जीजीआईसी में चाय का सामान लेकर किचन के बाहर बैठे भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किए गए यात्रियों के लिए चाय की व्यवस्था करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए स्कूल प्रशासन द्वारा किचन नहीं खोले जाने से खासा बवाल मचा। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद भी प्रधानाचार्या अनुराधा दुबे ने किचन देने से इंकार कर दिया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सामने भी इस मामले को लेकर भाजपाइयों और प्रधानाचार्या के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपाइयों ने प्रधानाचार्या पर यात्रियों की मदद में असहयोग का आरोप लगाया। दूसरी तरफ प्रधानाचार्या ने स्कूल किचन सिर्फ भोजन व्यवस्था के लिए खोलने के आदेश होने की बात कही।
लॉकडाउन के चलते बाहरी क्षेत्रों के आए यात्रियों को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। यात्रियों के भोजन की व्यवस्था स्कूल के किचन में चल रहे कम्यूनिटी किचन से की जा रही है। बताया गया कि भोजन के अलावा पिछले दो दिन से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रियों के लिए सुबह-शाम चाय की व्यवस्था की जा रही थी। बृहस्पतिवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन महरा, जिला कोषाध्यक्ष हरीश हैसियत, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष हरीश भट्ट आदि चाय की व्यवस्था करने पहुंचे तो उन्हें स्कूल का किचन देने से इंकार कर दिया गया। जिससे भाजपाई बिफर पड़े। बात एसडीएम तक पहुंची, लेकिन प्रधानाचार्या ने किचन खोलने से साफ मना कर दिया। बाद में डीईओ बेसिक सत्यनारायण और बीईओ अंशुल बिष्ट मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही प्रधानाचार्या और भाजपाइयों में तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने समझा कर मामला शांत कराया।