एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन में अब तक का रिकार्ड 558 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हुआ है। इससे पूर्व वर्ष 2003-04 में सर्वाधिक विद्युत उत्पादन 511 मिलियन यूनिट हुआ था। पावर स्टेशन ने इस वर्ष का देय विद्युत उत्पादन लक्ष्य पांच सौ मिलियन यूनिट 28 जनवरी को ही पूरा कर लिया था।
मंगलवार की मध्यरात्रि को टनकपुर पावर स्टेशन ने 558 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर नया रिकार्ड बनाया है। पावर स्टेशन के महाप्रबंधक पवन कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि के लिए पॉवर हाउस की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नदी में पर्याप्त पानी मिलने से वे इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करने में कामयाब रहे।
बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए एनएचपीसी ने भारत सरकार को 4.5 करोड़ रुपये राहत राशि देने का निर्णय लिया है। इसमें संपूर्ण एनएचपीसी कर्मचारियों का एक दिन के वेतन का 1.36 करोड़ रुपये भी शामिल है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो लाख रुपये एकत्र किए हैं।
टिहरी जिला प्रशासन को दिए पांच लाख
एनएचपीसी के टिहरी गढ़वाल स्थित कोटली भेल परियोजना के महाप्रबंधक सतीश कुमार चौहान ने एनएचपीसी की ओर से टिहरी जिला प्रशासन के खाते में पांच लाख की धनराशि दी है। जीएम ने बताया कि एनएचपीसी की ओर से इंफाल के लिए 2.6 मैट्रिक टन मेडिकल सामग्री एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की गई है।