चंपावत। चंपावत जिले के स्कूलों, पंचायतघरों में बनाए गए तमाम क्वारंटीन सेंटरों की व्यवस्था में सुधार के लिए सभी चारों ब्लॉकों को 12 लाख रुपये दिए गए हैं। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि इस राशि को ब्लॉक कार्यालयों के जरिए ग्राम पंचायतों को दिया गया है। इस राशि का उपयोग क्वारंटीन सेंटर में बिजली, पानी, सफाई, सैनिटाइजेशन, मास्क सहित बेहद जरूरी सामग्री के लिए किया जाएगा। बताया कि नवोदय स्कूल, डिग्री कॉलेज और अन्य बड़े केंद्रों में प्रशासन भोजन की व्यवस्था करा रहा है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में क्वारंटीन हुए व्यक्ति के परिवार के लोग भोजन, बिस्तर का प्रबंध कर रहे हैं। अलबत्ता घर की अधिक दूरी और सक्षम न होने वाले गांव में क्वारंटीन व्यक्ति के भोजन की व्यवस्था भी प्रशासन कर रहा है।
सभी आठों कोरोना पॉजिटिव की सेहत ठीक
चंपावत। चंपावत जिले के अब तक के सभी आठों कोरोना पॉजिटिव की तबियत पूरी तरह ठीक है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि टनकपुर के चार, बनबसा के तीन और डैंसली गांव का एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला था। इन सभी को हल्द्वानी सुशीला तिवारी भेजा गया था। सभी आठों लोगों की तबियत पूरी तरह ठीक है।
सभी 47 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव
चंपावत। शुक्रवार को चंपावत जिले के कुल 47 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। ये सभी निगेटिव आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के जिला कंट्रोल रूम के प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि चंपावत जिले में अब तक लिए गए कुल 407 सैंपलों में से 277 निगेटिव रहे हैं। अलबत्ता अभी 122 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। इधर चौड़ा राजपुरा ग्राम सभा में डॉ. मनीष बिष्ट ने क्वारंटीन में रह रहे 37 लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें होम क्वारंटीन में भेज दिया।