टनकपुर (चंपावत)। होली के बाद शुरू होने वाले पूर्णागिरि मेले की नगर पालिका प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नगर में प्रकाश, सफाई, पार्किंग व्यवस्था पर फोकस किया जा रहा है। शारदा घाट को विशेष रोशनी से जगमगाने की तैयारी की जा रही है।
ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि लाइट की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार से कोतवाली के पीछे रेलवे पटरी और पीलीभीत चुंगी के पास खाली पड़ी जमीन पर जमा प्लास्टिक कूड़ा हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा के निर्देश मिलते ही पालिका प्रशासन व्यवस्थाओं में जुट गया है। शारदा घाट पर चौबीस घंटे कर्मी तैनात रहेंगे। पार्किंग का ठेका 22 लाख रुपये में छूटा है। गांधी मैदान और शारदा घाट के पास वाहन पार्क होंगे। टैक्सी स्टैंड के पास भी नवनिर्मित बहुमंजिला पार्किंग तैयार हो गई है। इसका हस्तांतरण होते ही एक और पार्किंग मिल जाएगी। संवाद