टनकपुर (चंपावत)। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी कम हो गई है। श्रद्धालुओं के कम आने से पुजारियों और कारोबारियों में निराशा है। मंगलवार को करीब तीन हजार भक्त ही देवी मां के दरबार में पहुंचे।
यूं तो मेले में दूर-दराज से श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला बना हुआ है। पिछले तीन-चार दिनों में घटी श्रद्धालुओं की संख्या से मेले की रौनक फीकी पड़ गई है। मेला क्षेत्र के अलावा शहर और पड़ोसी देश नेपाल में बाबा सिद्धनाथ स्थली ब्रह्मदेव में भी मेले की रौनक प्रभावित हो गई है। मेले के शुरूआती दिन से नवरात्रों तक श्रद्धालुओं की भीड़ से समूचे क्षेत्र में दिखाई देने वाली चहल-पहल इस बार गायब है।
मेला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को श्रद्धालुओं की आवक काफी कम रही। सुबह से शाम तक करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन पांडेय का कहना है कि कोरोना संक्रमण का खतरा और यूपी में फैली मेला बंद होने की अफवाह से श्रद्धालु कम आ रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि नवरात्रों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी।
टुन्यास में पानी का संकट
मेला क्षेत्र टुन्यास में पेयजल लाइन में खराबी से पानी की समस्या बनी हुई है। अलबत्ता विभाग की टीम लाइन को दुरुस्त करने में जुटी है। जल संस्थान के इंजीनियर बीएस कुवार्बी का कहना है कि मंगलवार देर शाम तक लाइन की खराबी दूर कर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। बता दें कि टुन्यास क्षेत्र की कई दुकानों में जलापूर्ति नहीं होने से पानी का संकट बना हुआ है।
पीलीभीत से नाचते-गाते पैदल पहुंची भक्तों की टोली
डोले के साथ भक्ति गीतों पर थिरकते श्रद्धालुओं की कई टोलियां हर दिन पैदल ही मां पूर्णागिर के दर्शन को पहुंच रही हैं। मंगलवार को पीलीभीत के अमरिया से मां पूर्णागिरि पद यात्रा समिति के दर्जनों भक्तों की टोली भी नाचते-गाते दर्शन को पहुंची। व्यवसायी अशोक गुप्ता की अगुवाई में शहर के समाजसेवियों ने टोली में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत कर उन्हें जलपान कराया। समिति के संरक्षक सुरेश गुप्ता ने बताया कि 42 सालों से डोला लेकर मां पूर्णागिरि के दर्शन को आ रहे हैं। बताया कि मां पूर्णागिरि के दर्शन कर वापस लौटने के बाद शुक्रवार को अमरिया में विशाल भंडारे के साथ यात्रा का समापन होगा। डोला यात्रा में पवन गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, यश गुप्ता, अनमोल, ओंकार, राहुल, निर्मल गिरी, अनिल, आशीष गुप्ता सहित आदि शामिल थे।