जॉब कार्ड धारकों को मानकानुसार रोजगार उपलब्ध कराएं
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने मनरेगा, पीएमजीएसवाई, आईडब्ल्यूएमपी आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एचजी भट्ट को निर्देश दिए कि वे मनरेगा के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों में जॉब कार्ड धारकों को मानक के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
सीडीओ ने बताया कि मनरेगा में 1794.46 लाख अवमुक्त धनराशि में से 1788.05 धनराशि व्यय कर 99.6 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की है। इस धनराशि से 34280 जॉब कार्ड धारकों में से 20811 ने रोजगार मांगा और 17951 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इनमें से 409 लोगों को 100 दिन का रोजगार दिया गया। राज्यमंत्री ने बडोली में सड़क निर्माण के लिए जरूरी कदम उठाने निर्देश दिए। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले में 20162 पेंशनर्स को पेंशन से लाभान्वित किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने विकासखंडवार योजनाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने विगत माहों में जिले में चार गर्भवती महिलाओं की मृत्यु पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी की भविष्य में इस तरह की घटनाओं की कोई पुनरावृत्ति न हो। बैठक में विधायक लोहाघाट पूरन सिंह फर्त्याल, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, ब्लाक प्रमुख निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी डॉ. अहमद इकबाल, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, संख्या अधिकारी एचबी बचखेती सहित समिति के सदस्य और सभी अधिकारी उपस्थित थे।