जिला मुख्यालय में बुधवार को रोस्टर प्रणाली को यथावत लागू करने और पदोन्नति में लगी रोक हटाने की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने मशाल जुलूस निकाला।
पिथौरागढ़ में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में उत्तराखंड जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने जिला मुख्यालय में कैंडल मार्च निकाल राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया।
उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश गुरुरानी एवं जिला महामंत्री बिजेंद्र लुंठी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में एकत्रित हुए कार्मिकों ने कहा कि वर्तमान में सभी कार्मिक सामान्य और ओबीसी समाज के हितों की अनदेखी के खिलाफ आंदोलनरत हैं और विभिन्न माध्यमों व तरीकों से अपना आक्रोश प्रदर्शित कर रहे हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जोशी ने कहा कि राज्य सरकार ही नहीं विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी भी न्याय पालिका के निर्णय मानने के स्थान पर वोट बैंक की खातिर निम्न कोटी कि राजनीति कर रही है। जिला उपाध्यक्ष प्रदीप भट्ट ने भी विचार रखे। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इस मौके पर आरक्षण को लेकर राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा द्वारा दिए गए बयान नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों ने उनका पुतला फूंका।
बेड़ीनाग में भी जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने पीडब्लूडी गेस्ट हाउस से नगर के शहीद चौक तक कैंडल मार्च निकाला। यहां इस मौके पर एनएस रावत, ठाकुर सिंह डसीला, मनमोहन मेहता, चंद्र सिंह रौतेला, भूपेंद्र भंडारी, जगदीश पाठक, पुष्कर रावत, केएस मेहरा, जेएस बाफिला, आशा भैसोडा, केडी मिश्रा, डीएस बिष्ट, एचएस बोहरा, नीरू कार्की, मनोहर खाती, आनंद भंडारी, मनोज मिश्रा, कैलाश पाठक आदि कर्मचारी शामिल रहे।