नेपाल भारत सीमा पर जेल से फरार कैदी को सशस्त्र प्रहरी नेपाल को सौंपती एसएसबी। स्रोत : एसएसबी
टनकपुर/चंपावत। नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बीच नौ सितंबर को जिला डडेलधुरा की जेल से फरार एक कैदी को एसएसबी ने ट्यूब से काली नदी पार कर भारत में घुसपैठ करते गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और मेडिकल के बाद उसे बनबसा सीमा पर एपीएफ और नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी की पांचवीं बटालियन चंपावत के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे परशुराम घाट बॉर्डर पर विशेष ऑपरेशन चलाकर 5वीं बटालियन की सीमा चौकी खल्डूंगा-1 के कार्यक्षेत्र से एक संदिग्ध कैदी को गिरफ्तार किया गया। वह ट्यूब की सहायता से नेपाल से भारत भागकर आने का प्रयास कर रहा था। कैदी से एसएसबी, स्थानीय पुलिस और एलआईयू की ओर से संयुक्त पूछताछ की गई।
गिरफ्तार कैदी नेपाल के अलिताल ग्राम पालिका, वार्ड संख्या 3 निवासी तेज बहादुर बगोती (35) ने बताया कि वह एक महिला और पुरुष की हत्या के दंड में 20 वर्ष की सजा जिला डडेलधुरा की जेल में काट रहा था। वह अब तक आठ वर्ष छह माह की सजा काट चुका था। नौ सितंबर को वह जेल से फरार हो गया था।
उसका बेटा गुरुग्राम (हरियाणा) में कार्यरत है। वह अपने पुत्र से मिलने के लिए गुरुग्राम जा रहा था। शुक्रवार की दोपहर उप जिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराया गया। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि एसएसबी और पुलिस ने कैदी से संयुक्त पूछताछ की। इधर, एसएसबी ने बनबसा स्थित बार्डर में एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम की मौजूदगी में एपीएफ बनबसा (नेपाल) नेपाल पुलिस कमांडेंट सुरेंद्र को सुपुर्द कर दिया।
फोटो - 04 सीपीटी 03पी, 04पी। नेपाल भारत सीमा पर जेल से फरार कैदी को सशस्त्र प्रहरी नेपाल को सौंपती एसएसबी। स्रोत : एसएसबी