अंक तालिका पहुंचने में देरी पर प्राचार्य को घेरा
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय पीजी कॉलेज में सुधार परीक्षाओं की अंक तालिकाएं न पहुंचने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य का घेराव किया। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजकर जल्द अंकतालिका न पहुंचने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
पूर्व छात्रसंघ महासचिव इंदर ढेक के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए कहा कि सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन अभी तक सुधार परीक्षा का परिणाम नहीं आया है, ऐसे में उनका भविष्य अधर में लटक जाएगा।
अंक तालिका न पहुंचने से छात्र-छात्राओं को हो रही दिक्कतों की ओर विश्वविद्यालय का ध्यान आकर्षित करते हुए ज्ञापन भेजा गया। कहा कि अगर शीघ्र छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम और अंक तालिका नहीं उपलब्ध कराई गई, तो एबीवीपी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष निखिलेश गहतोड़ी, उपाध्यक्ष प्रियंका गड़कोटी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि नीरज कालाकोटी, दीपक फर्त्याल, तुषार पांडेय, नीरज जोशी, सौरभ फर्त्याल, विशाल ढेक, विवेक, कैलाश आदि शामिल थे।