चंपावत जिला सभागार में शिक्षा विभाग की बैठक लेते एडीएम। स्रोत: सूचना
चंपावत। जिले में उत्तराखंड हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का आयोजन 44 केंद्रों पर किया जाएगा। इस बार जनपद में 5356 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं।
एडीएम केएन गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। एडीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और धारा 163 का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए सचल दल भी तैनात किए गए हैं। साथ ही सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, समुचित बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष कुल 5356 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल में 2879 और इंटर के 2477 छात्र-छात्राएं हैं। सभी परीक्षाएं एकल पाली में होंगी। उन्होंने बताया कि जिले में 43 मिश्रित और एक एकल केंद्र बनाया गया है। इस वर्ष डांडा ककनाई और खटोली में दो नए केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी भरत जोशी, उपखंड शिक्षा अधिकारी कमल भट्ट, संजय भट्ट, पुलिस अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
-