बनबसा (चंपावत)। आंबेडकर ग्राम फागपुर समेत आधे बनबसा में करीब 28 घंटों बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई। इससे लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन पेयजल संकट शनिवार सुबह समय तक बना रहा। बिजली आधारित कामकाज प्रभावित रहे।
शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे आए अंधड़ से 33 केवीए और 11 केवीए के बिजली पोल और तार टूट गए थे। शाम करीब छह बजे मझगांव, पचपकरिया, बमनपुरी, चंदनी, बनबसा बाजार क्षेत्र की बिजली बहाल हो गई थी, लेकिन आंबेडकर ग्राम फागपुर, रेलवे लाइन के पूर्वी भजनपुर, मीना बाजार, पंपापुर, चूना भट्ठा आदि स्थानों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार को बहाल नहीं हो सकी थी। इसी बीच शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फिर से आंधी के साथ वर्षा हुई तो क्षेत्र में फिर से बिजली गुल हो गई। शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे बिजली बहाल हो सकी। बनबसा सबस्टेशन प्रभारी वरिष्ठ जेई प्रवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आई आंधी से फागपुर से पंपापुर तक कई जगहों पर पेड़ों की टहनियों के गिरने से तार टूटे और कई जगहों पर बिजली तार चिपक भी गए थे। बिजली न होने से जहां भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे वहीं, पेयजल संकट के साथ ही बिजली आधारित कारोबार भी प्रभावित रहे।