टनकपुर (चंपावत)। चंपावत हाईवे पर एसडीएम आकाश जोशी और एआरटीओ सुरेंद्र सिंह ने अवैध खनन और ओवर लोड खनन वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान मंगलवार की रात में चलाया।
इससे ओवर लोड खनन वाहनों के चालक और मालिकों में खलबली मची रही। एसडीएम ने बताया कि आठ वाहनों को सीज कर 3.85 लाख रुपये का चालान काटा गया।
पिछले दो दिनों से चूका और चल्थी खनन क्षेत्र से ओवरलोड खनन वाहनों की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय है। सोमवार रात जहां वन विभाग ने एक ओवरलोड ट्रक पकड़ा और एसडीएम, एआरटीओ ने जायजा लिया। इसके बाद मंगलवार की रात को दोनों की अधिकारियों ने बस्टिया से लेकर ककराली गेट तक अभियान चलाया। एसडीएम जोशी ने बताया कि ट्रक यूके03सीए2151, यूके05सीए0438, यूके03सीए 4453, यूके 03सीए6468 समेत आठ ओवरलोड उप खनिज से भरे ट्रकों को पकड़ा गया।
इनसे कुल 3.85 लाख रुपये का चालान काटा गया। एसडीएम ने बताया कि ओवरलोड वाहनों की शिकायतें मिल रहीं थी। इसको लेकर संयुक्त अभियान चलाया गया। अब ओवरलोड खनन वाहनों और अवैध खनन के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रहेगा। संवाद