फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्णागिरि मेला कल से, पहली बार कुमाऊं आयुक्त करेंगे श्रीगणेश

विज्ञापन
मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन करने के बाद लौटते श्रद्घालु। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : TANAKPUR
विज्ञापन
टनकपुर/ पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। शनिवार को पहाड़ में छरड़ी होगी और उसी दिन मां पूर्णागिरि धाम के मेले का भी आगाज होगा। कुमाऊं के आयुक्त दीपक रावत 19 मार्च को अपराह्न तीन बजे मेले का श्रीगणेश करेंगे।
विज्ञापन

मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस बल से लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम मेला स्थल पर पहुंच गई है। 2019 के बाद पहली बार मेला 15 जून तक चलेगा। बीते दो वर्ष यह मेला कोरोना की वजह से प्रभावित रहा था। विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी, डीएम विनीत तोमर अति विशिष्ट अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय और एसपी देवेंद्र पींचा विशिष्ट अतिथि होंगे। मेलाधिकारी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी का कहना है कि जिला पंचायत ने सरकारी विभागों के कार्यालय और आवासीय व्यवस्था के लिए टिनशैड और अन्य जरूरी व्यवस्था पूरी कर ली है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज ठुलीगाड़ तक दस बसें चलाएगा।
होली के बीच जारी है श्रद्धालुओं की आमद
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। सरकारी मेला भले ही 19 मार्च से शुरू होगा लेकिन तीर्थयात्रियों का आना जारी है। होली पर्व के बीच मां पूर्णागिरि धाम मेले में श्रद्धालु बड़ी संख्या में देवी मां के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी का कहना है कि इन दिनों उप्र से लेकर नेपाल के कई स्थानों से दो हजार से अधिक श्रद्धालु हर रोज पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

20 मार्च से चलेगी मेला स्पेशल ट्रेन
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम मेले में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे मेला स्पेशल सवारी गाड़ी चलाएगा। रेल विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 20 मार्च से 15 जून तक एक जोड़ी मेला स्पेशल सवारी गाड़ी संचालित की जाएगी। ये ट्रेन कासगंज-टनकपुर-कासगंज के बीच संचालित होगी। और 27 स्थानों पर कुछ देर के लिए रुकेगी।
खतरनाक है रानीघाट के पास की सड़क
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम के क्षतिग्रस्त रास्ते और सड़क की अधिकतर जगह मरम्मत कर दी गई है लेकिन इसके बाद भी कुछ जगह सड़क खतरनाक बनी है। खासकर ठुलीगाड़-भैरव मंदिर के बीच हनुमानचट्टी रानीघाट के पास सड़क जोखिमभरी है। धाम को जाते वक्त सीधी चढ़ाई वाले इस हिस्से में 15 मार्च को एक श्रद्धालुओं से भरी जीप के पलटने से तीन यात्री चोटिल हो गए थे। दुर्घटना के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत तो की लेकिन स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि यह हिस्सा अभी भी खतरनाक बना है। यहां वाहनों को चढ़ाने में दिक्कत हो रही है और कई बार जीपों से सामान उतारना पड़ रहा है। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट का कहना है कि सड़क को आवाजाही के लिए सुगम बनाया जा रहा है। मेला शुरू होने से पहले मार्ग दुरुस्त हो जाएगा।
मेला स्थल में हर वक्त मौजूद रहेगी एक एंबुलेंस
चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम के मेला क्षेत्र में तीन महीने तक चिकित्सा कैंप रहेंगे। इसके लिए विभाग ने डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ का रोस्टर निर्धारण कर दिया है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि डॉक्टर और फार्मासिस्ट को 15-15 दिनों के लिए बारी-बारी से तैनात किया जाएगा। वहीं ठुलीगाड़ के लिए चल्थी के प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार को ठुलीगाड़ और सिप्टी के प्रभारी डॉ. मनीष बिष्ट को काली मंदिर का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
19 मार्च से दो अप्रैल तक ठुलीगाड़ कैंप में बाराकोट के डॉ. अमान अंसारी और ककनई के फार्मासिस्ट दिलीप सिंह राणा, काली मंदिर कैंप में टांण के डॉ. गुरप्रीत सिंह और खटोली के फार्मासिस्ट अनिल कुमार गड़कोटी सेवा देंगे। तीन अप्रैल से 17 अप्रैल तक ठुलीगाड़ में डॉ. रतिरंजन सरकार, फार्मासिस्ट प्रीतम लाल और काली मंदिर में डॉ. सुमित जोशी और फार्मासिस्ट संजय विश्वकर्मा, 18 अप्रैल से पहली मई तक डॉ. सचिन जैन, फार्मासिस्ट दीपक गिरि गोस्वामी, काली मंदिर में डॉ. योगेश जोशी, फार्मासिस्ट योगेश कन्नौजिया, दो मई से 16 मई तक डॉ. विनय कुमार यादन, फार्मासिस्ट प्रकाश चंद्र भट्ट, काली मंदिर में डॉ. अमन अग्रवाल और फार्मासिस्ट शेखर सिंह सार्की, 17 मई से 31 मई तक डॉ. अमित कुमार यादव, फार्मासिस्ट दयाल सिंह, काली मंदिर में डॉ. सौरभ कुमार शर्मा व फार्मासिस्ट नवीन कुमार और पहली जून से मेला समाप्त होने तक ठुलीगाड़ कैंप में डॉ. मयंक डिमरी, फार्मासिस्ट सुरेश चंद्र जोशी और काली मंदिर कैंप में डॉ. अंकुर बिष्ट और फार्मासिस्ट लक्ष्मण गिरि सेवा देंगे। इसके अलावा भैरव मंदिर में आयुर्वेदिक चिकित्सा कैंप भी लगेगा।
पूर्णागिरि धाम पहुंचे तीनों चौकियों के पुलिस प्रभारी
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल पहुंच गया है। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि ठुलीगाड़ की स्थायी चौकी के अलावा मेला अवधि तक के लिए भैरव मंदिर और काली मंदिर में पुलिस चौकी बनाई गई है। एसपी का कहना है कि सुरक्षा के साथ ही यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए चंपावत के सीओ यातायात अभिनय चौधरी को मेले में जिम्मेदारी दी गई है। अग्निशमन दस्ते से लेकर टनकपुर और बूम में जल पुलिस का बंदोबस्त किया गया है। वहीं बृहस्पतिवार को मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने पुलिस अधिकारियों से मेला क्षेत्र और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्रणा की। देवेंद्र मनराल को ठुलीगाड़, हरीश प्रसाद को भैरव मंदिर और सुरेंद्र सिंह खड़ायत को काली मंदिर का प्रभारी बनाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें