मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन के लिए आ रहे श्रद्घालुओं को सैनेटाइज व थर्मल स्क्रेनिंग करते मंदिर ?
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को सप्तमी पर पांच हजार हजार से अधिक भक्त देवी मां के दर्शन के लिए पहुंचे।
आस्था और श्रद्धा के केंद्र मां पूर्णागिरि धाम में हर साल चैत्र नवरात्र के साथ शारदीय नवरात्र में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ता है। पर इस साल कोरोना के चलते श्रद्धालुओं की आवक कम है। होली के अगले दिन से शुरू होने वाला सुप्रसिद्ध तीन माह का पूर्णागिरि मेला भी रद्द करना पड़ा। शारदीय नवरात्र तक हालात थोड़े सामान्य हुए तो प्रशासन ने उत्तराखंड से बाहर के लोगों को भी मां पूर्णागिरि के दर्शन की अनुमति प्रदान की। हालांकि श्रद्धालुओं की भीड़ पहले जैसी नहीं है फिर भी हजारों की संख्या में भक्त मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय के मुताबिक पंचमी के बाद शुक्रवार को सप्तमी पर भी 24 घंटे में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन किए। उनके मुताबिक नवरात्र की नवमी तक धाम में भक्तों की भीड़ बनी रहेगी।