टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि धाम जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक जीप ने सड़क किनारे बैठे दो युवकों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जीप टक्कर मारने के बाद खेत में लुढ़क गई। हादसे में जीप सवार आठ श्रद्धालु भी चोटिल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन श्रद्धालुओं को टनकपुर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जीप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। घायलों के मुताबिक जीप में बच्चों सहित 17 यात्री सवार थे जबकि यह जीप 10 सीटर है।
हादसा शनिवार सुबह 3:45 बजे हुआ। जीप यूके 04/ टीए 0490 टनकपुर स्टेशन से पूर्णागिरि धाम जा रही थी। बताया जा रहा है कि धाम से तीन किमी पहले जीप अनियंत्रित होकर गलत दिशा (दाहिनी तरफ) की ओर चली गई। जीप ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी स्कूटी पर टक्कर मारी। स्कूटी पर बैठे कपिल कठायत को मामूली चोट आई। इसके बाद सड़क किनारे बैठे नयागोठ वार्ड नंबर 9 निवासी कृष्ण कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय पूरन राम और विक्रम सिंह रावत (32) पुत्र स्वर्गीय आनंद सिंह रावत को रौंद डाला। दोनों पूर्णागिरि मेले में खोली चाय की दुकान के लिए घर से निकले थे और कुछ देर के लिए यहां रुके थे। दोनों को टक्कर के बाद बेकाबू जीप सड़क किनारे खेत पर जा पहुंची। जीप में सवार आठ श्रद्धालु भी चोटिल हुए। सभी घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल ले जाया गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि पांच घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि तीन श्रद्धालुओं राम अवतार, मधु और अनीता को हायर सेंटर रेफर किया गया। थानाध्यक्ष हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से फरार टनकपुर निवासी चालक दिवाकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। देर शाम दोनों युवकों का शारदा घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। दोनों युवक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।
जीप हादसे की वजह का पता नहीं लग सका है। जिस तरह जीप गलत दिशा में गई, उससे दो संभावनाएं नजर आ रही है। या तो जीप में तकनीकी खराबी से स्टीयरिंग लॉक हो गया होगा या चालक तेज गति से जीप चला रहा था। चालक के स्मैक या किसी अन्य तरह के नशे में होने के अंदेशे को देखते हुए सैंपल लिए गए हैं।
-देवेंद्र पींचा, एसपी, चंपावत।
घायलों के नाम
1. राम अवतार (30) पुत्र झम्मन लाल, निवासी हमीदपुर, बरेली।
2. सनी (6) पुत्र राम अवतार, निवासी हमीरपुर, बरेली।
3. मधु (19) पत्नी महेंद्र, निवासी बख्शी का तालाब, लखनऊ।
4. अनीता (32) पत्नी रूप चंद्र, निवासी बख्शी का तालाब, लखनऊ।
5. पूनम (9) पुत्री भीम सिंह, निवासी बरेली।
6. पुष्पा (30) पत्नी शंकर लाल, निवासी हमीरपुर, बरेली।
7. गुड़िया (12) पुत्री गुड्डू, निवासी बख्शी का तालाब, लखनऊ।
8. फूलमति (43) पत्नी धम्पत, निवासी बख्शी का तालाब, लखनऊ।