लोनिवि द्वारा ज्ञानखेड़ा में शिवालय मंदिर से रेलवे लाइन तक बनाए जा रहे सीसी मार्ग की गुणवत्ता से बौखलाए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने प्रशासन से निर्माण में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई की मांग की। इधर, लोनिवि ने भी ठेकेदार को काम बंद कर निर्माण स्थल पर डाली गई घटिया निर्माण सामग्री हटाने को नोटिस जारी किया है।
ज्ञानखेड़ा में शिवालय मंदिर से रेलवे लाइन तक जर्जर एक किमी लंबी सड़क का जीर्णोद्धार कर सीसी मार्ग बनाया जा रहा है। करीब 67 लाख रुपये के इस कार्य की गुणवत्ता से ग्रामीण संतुष्ट नहीं है। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में प्रयुक्त किया जा रहा रेता बेहद घटिया गुणवत्ता का है।
शिकायत के बाद भी विभाग द्वारा गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने से गुस्साए ग्रामीण मंगलवार को प्रधान नीतू गोस्वामी और बीडीसी सदस्य हरिओम सेठी के नेतृत्व में निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। सूचना पर लोनिवि के जेई वीएस पोखरिया भी वहां पहुंचे और निर्माण के लिए डाले गए रेते की गुणवत्ता की फौरी परख कर निर्माण कार्य रोक दिया। जेई पोखरिया ने बताया कि मौके पर डाले गए करीब चार ट्रक रेत की गुणवत्ता खराब मिली, इसके बाद ठेकेदार को खराब गुणवत्ता का रेत हटाने और निर्माण कार्य रोकने को नोटिस जारी किया गया है। विरोध करने वालों में जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, विजय बिष्ट आदि शामिल थे।