लोहाघाट उप जिला अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में समस्याओं पर चर्चा करते सदस्य।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में भर्ती होने वाले गरीब मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराईं जाएंगी। बुधवार को सीडीओ आरएस रावत की अध्यक्षता और एमएस डॉ. जुनैद कमर के संचालन में हुई चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक मेें यह निर्णय लिया गया। कहा गया कि जो दवाएं अस्पताल में नहीं होंगी, उन्हें स्थानीय स्तर से खरीदकर मरीजों को दिया जाएगा। सीडीओ ने अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए ठोस उपाय करने के अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल में कूड़ा निस्तारण प्रबंधन को बेहतर करने, कार्य दिवस के आधार पर रखे गए पर्यावरण मित्रों को सेवा विस्तार देने, एंबुलेंस की मरम्मत के लिए वित्तीय प्रावधान, ईंधन बिल भुगतान, छह स्टील बैंच खरीदने, सीसीटीवी के भुगतान करने सहित 15 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं, उनके तीमारदारों और आशा कार्यकर्ताओं के रात में रहने के लिए कक्ष निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा, गणेश दत्त पांडेय, नवीन मुरारी, सीडीपीओ बाल विकास पुष्पा पाटनी, डॉ. एलएम रखोलिया, नवीन ओली, राकेश पंत, एलडी जोशी, उमेश जोशी मौजूद थे।