टनकपुर (चंपावत)। बारिश से हुए जलभराव की समस्या को लेकर क्षेत्र में राजनीति गरमा गई है। भाजपा सरकार पर समस्या का समाधान कराने में नाकामी का ठिकरा फोड़ते हुए जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका वहीं आप कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा देने और समस्या शीघ्र दूर कराने की मांग उठाई है।
रविवार को साढ़े सात घंटे लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में काफी तबाही मचाई। नदी, नाले उफान पर आने के साथ ही गांवों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे। किसानों की फसल तो बर्बाद हुई ही, स्वरोजगार कर रहे मुर्गी पालकों की हजारों मुर्गियां जलभराव की भेंट चढ़ी। जलभराव की समस्या दूर करने की मांग के लिए सोमवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्यू टैक्सी स्टैंड के समीप नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका। पूर्व विधायक खर्कवाल ने कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में भाजपा के लोग आपदा प्रबंधन के नाम पर मीटिंग-मीटिंग खेल रहे हैं। डबल इंजन की सरकार को चाहिए था की हाइवे के दोनों ओर टनकपुर से जगबुड़ा पुल तक नाली का निर्माण कराए ताकि समस्या दूर हो सके।
प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी, शंकर पाल, भैरव जोशी, अशोक मुरारी, देवेंद्र सिंह, गजेंद्र पाल, हरीश कांडपाल, सतीश पांडे, बसंतराय, इंद्रदेव विश्वकर्मा आदि थे। इधर आम आदमी पार्टी के महामंत्री नारायण गैंड़ा के नेतृत्व में प्रभावित लोगों ने तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपा। जिसमें क्षति का आंकलन कराने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की ओर शहर के पानी की निकासी रोकने को उचित प्रबंध कराने का आग्रह किया है। प्रदर्शन में पूजा देवी, अनीता, हीरा, हेमा, कलावती, रामबेटी, गीता, अरुण कुमार, जगदीश राम, जमुना देवी समेत काफी लोग थे।