त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची में गड़बड़झाले की खबर अमर उजाला ने 5 अगस्त को प्रमुखता से प्रकाशित की थी लेकिन वोटर लिस्ट में ये खामियां अब और भी उजागर हो रही हैं। पाटी विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों की आबादी तो 645 है लेकिन इन दोनों ग्राम पंचायतों में वोटर 833 है।
चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची के मुताबिक चंपावत जिले की 313 ग्राम पंचायतों में कुल 170833 मतदाता है। इसमें पाटी विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों (सिरतोली और लड़ी) में लोकतंत्र की भावना के साथ खिलवाड़ हो रहा है। तीन राजस्व गांव (सिरतोली, बगजीवाला और भरोली) वाली सिरतोली ग्राम पंचायत में वर्ष 2011 के मुताबिक कुल आबादी 273 है लेकिन यहां पिछले माह तैयार मतदाता सूची में यहां वोटरों की संख्या 397 है।
यानि इस ग्राम पंचायत में कुल आबादी से 124 ज्यादा मतदाता हैं। इसी तरह पाटी विकासखंड की दो राजस्व गांव (लड़ी और धनकी) वाली लड़ी ग्राम पंचायत में 2011 के मुताबिक आबादी 372 है लेकिन यहां मतदाता 436 है। अब यह सवाल उभर रहा है कि आबादी से अधिक वोटर कैसे हो गए। प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रावत का कहना है कि मतदाता सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दूसरे कार्मिकों की थी।
ग्राम पंचायत आबादी मतदाता संख्या
सिरतोली 273 397
लड़ी 372 436
पाटी विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों में आबादी और मतदाताओं की संख्या में अंतर चिंताजनक है। इससे पूर्व चंपावत विकासखंड की मैरोली ग्राम पंचायत में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की समीक्षा की जा रही है।
सुरेंद्र नारायण पांडेय, जिलाधिकारी, चंपावत। (07 सीपीटी 24पी)
खामियों को लेकर डीएम से शिकायत की
चंपावत। कांग्रेस ने पंचायती मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी से शिकायत की। इस संबंध में जिलाध्यक्ष उत्तम देऊ ने डीएम को ज्ञापन देते हुए जांच की मांग की है। ज्ञापन में जिलाध्यक्ष ने कहा कि मैरोली सहित जिले की कई ग्राम पंचायतों में आबादी कम और मतदाता अधिक है। ऐसे प्रकरणों की जांच की मांग की गई है।