बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था कराते वक्त विधायक कैलाश गहतोड़ी विद्युत करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। विधायक को करंट का झटका लगने से खलबली मच गई। करंट से उनका एक पैर मामूली रूप से झुलसा गया। मंगलवार सुबह विधायक गहतोड़ी विचई में बांगर सीमेंट के गोदाम के पास पानी में घुसकर जेसीबी से खुदाई करा रहे थे कि अचानक जेसीबी का पंजा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया। इससे पानी में करंट फैल गया और पानी में घुसे विधायक गहतोड़ी को करंट का झटका लगा। गनीमत रही कि जेसीबी का पंजा तार से टच होते ही हटा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ब्यूरो
आफत लेकर बरसी बारिश, जगह-जगह जलभराव, सड़कें बंद
टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। करीब पांच घंटे की मूसलाधार बारिश ने टनकपुर और बनबसा में जमकर आफत बरसाई। दोपहर तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दोपहर बाद मौसम खुलने पर जनजीवन सामान्य हुआ। जगह-जगह जलभराव से बाढ़ सी स्थिति पैदा हो गई थी। जलभराव की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी तड़के अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्थित का जायजा लेने पहुंचे। विधायक ने जेसीबी मंगवाकर टनकपुर से लेकर बनबसा तक जगह-जगह चौक पड़ी नालियों की खुदाई करा पानी निकासी का रास्ता साफ कराया।
बारिश से ज्ञानखेड़ा, विष्णपुरी कॉलोनी, पीलीभीत चुंगी के समीप, विचई, आमबाग और मनिहारगोठ में जलभराव से कई मकान जलमग्न हो गए। ज्ञानखेड़ा में इंदर सिंह भंडारी के मुर्गी फार्म में जलभराव के कारण करीब एक हजार मुर्गियां मर गईं। तहसीलदार खुशबू पांडेेय के निर्देश पर पटवारी ने मौका मुआयना कर क्षति का जायजा लिया है। ज्ञानखेड़ा पंचायत घर पूरी तरह जलमग्न हो गया। विधायक के साथ एसडीएम दयानंद सरस्वती, तहसीलदार खुशबू पांडेय, बनबसा थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, सिंचाई विभाग के एसडीओ डीसी कांडपाल आदि अधिकारी भी पानी निकासी की व्यवस्था कराने में जुटे रहे।
उधर, आंबेडकर ग्राम फागपुर, पचपकरिया, बमनपुरी, देवीपुरा, देशीफार्म, स्ट्रांग फार्म, चंदनी, भजनुपर, बमनपुरी, पचपकरिया, देशीफार्म, देवीपुरा, मीना बाजार, झोपडपट्टी आदि में जलभराव से काफी नुकसान हुआ। गुदमी के ग्रामप्रधान अरुण कुमार ने बताया कि रवि सिंह भाट की पोल्ट्री फार्म में पानी घुसने से करीब चार सौ मुर्गियां मर गईं। पचपकरिया में भुवन चंद्र जोशी के पोल्ट्री फार्म में पानी घुसने से एक हजार मुर्गियां मरी हैं। पटवारी दिनेश पांडेय ने आंकलन कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।
टनकपुर-चंपावत मार्ग बंद, पहाड़ जा रहे वाहनों को लौटाया
टनकपुर। मलबा आने से टनकपुर-चंपावत मार्ग मंगलवार को सुबह से बंद रहा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पर्वतीय मार्ग पर जाने वाले वाहनों को ककरालीगेट बैरियर से ही लौटा दिया। वहीं टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग भी किरोड़ा नाले के उफान और बाटनागाड़ में मलबा आने से बंद रहा। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने बताया कि मार्ग बंद होने और लगातार मलबा गिरने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर टनकपुर से चंपावत की ओर जाने वाले वाहनों को ककरालीगेट बैरियर में रोकर लौटाया गया। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट ने बताया कि सुबह छह बजे से बंद हुआ मार्ग पूर्वाह्न ग्यारह बजे खोल दिया गया था। ब्यूरो
पेड़ गिरने से एक मकान में हुआ नुकसान
बनबसा (चंपावत)। मीना बाजार नई बस्ती में पेड़ गिरने से आवासीय मकान में काफी नुकसान हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल ने बताया कि संदीप कुमार पुत्र स्व. रमेश प्रसाद के मकान में पेड़ गिरने से घर के अंदर रखा सामान नष्ट हो गया। पटवारी दिनेश पांडेय ने करीब चालीस हजार रुपयों के नुकसान का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी हैं। ब्यूरो
जलभराव पर मनिहारगोठ के लोगों ने तहसील में किया प्रदर्शन
टनकपुर (चंपावत)। मनिहारगोठ में रेलवे लाइन किनारे टावर के आसपास जलभराव से परेशान लोगों ने मंगलवार को तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम टीएस मर्तोलिया से पानी निकासी की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि बारिश से मनिहारगोठ में रेलवे लाइन किनारे टावर के पास जलभराव होने से घरों में पानी घुस रहा है। जिससे वे घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। उनके कच्चे झालों के ढहने का भी खतरा बना हुआ है। एडीएम मर्तोलिया ने ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि जल्द ही मौका मुआयना कर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में समीर अहम, मतीन, नूरजहां, अमतियाजा बानो, गुलकसा, अकील अहमद आदि शामिल थे।
पूर्णागिरि धाम मार्ग में बाटनागाड़ में आए मलवे से जोखिम उठाकर बाइक निकालते यात्री।- फोटो : TANAKPUR
हाईवे किनारे जेसीबी मशीन से पानी निकासी का रास्ता बनवाते विधायक कैलाश गहतोड़ी और एसडीएम दयानंद ?- फोटो : TANAKPUR
विचई गांव में घर के आंगन तक हुआ जलभराव।- फोटो : TANAKPUR
जेसीबी मशीन से खुदाई करा पानी निकासी का रास्ता बनवाते विधायक कैलाश गहतोड़ी।- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर में पीलीभीत चुंगी के पास जलमग्न हुआ ट्रू रिवाइवल स्कूल।- फोटो : TANAKPUR