टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। चंपावत से भाजपा की ओर से विधायक प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी का प्रचार जोरों पर चल रहा है। नगर समेत कई गांवों में कार्यकर्ता घर-घर जनसंपर्क कर अपने प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं। टनकपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक एवं बनबसा में मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ता भाजपा की नीतियां एवं देश, राज्य में किए विकास कार्य बता रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए वह चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
टनकपुर में ककरालीगेट, छीनीगोठ, आमबाग, शारदा चुंगी, कर्मचारी कॉलोनी में कार्यकर्ताओं ने व्यापक प्रचार कर कैलाश गहतोड़ी के लिए वोट मांगे। वहां मंडल महामंत्री मुकेश जोशी, भुवन कलौनी, विपिन पांडेय, बिजेंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र गुप्ता, कलावती कापड़ी, तुलसी कुंवर, प्रीती टंडन, अनीता यादव आदि थे। बनबसा में बाजार क्षेत्र में व्यापक प्रचार किया गया। कार्यकर्ताओं ने आनंदपुर, चंदनी, भुलवागोठ, मंथला देवीपुरा, मझगांव, देशीफार्म में जनसंपर्क कर कैलाश को जिताने की अपील की। वहां नगर पंचायत अध्यक्षा रेनू अग्रवाल, संजय अग्रवाल, देवेंद्र ठाकुर उर्फ पप्पू ठाकुर, भरत भंडारी, बाजार बूथ अध्यक्ष चंद्र प्रकाश, भाजपा के विस्तारक मुन्ना लाल गौतम, रुकमणी उनियाल, भावना चंद आदि थे। उधर आंबेडकर ग्राम फागपुर में अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत प्रसाद के नेतृत्व में राजेंद्र प्रसाद, जगवीर सिंह आदि ने रेलवे लाइन बस्ती में भाजपा के लिए वोट मांगे।
प्रत्याशियों ने प्रचार में झोंकी ताकत
टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। विधानसभा चुनाव मैदान में उतरे विभिन्न पार्टी प्रत्याशियों और निर्दलीय की ओर से जोर शोर से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। चंपावत से कांग्रेस प्रत्याशी हेमेश खर्कवाल ने टनकपुर और बनबसा में घर-घर जाकर प्रचार किया। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों के आधार पर वोट मांगे। आप प्रत्याशी मदन सिंह महर ने अपने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगे। चंपावत में आप प्रत्याशी मदन सिंह महर, बसपा प्रत्याशी राकेश चंद्र वर्मा, सपा प्रत्याशी मो. हारुन ने अपने समर्थकों के साथ जिले के मैदानी, नगरीय, ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। चंपावत विधानसभा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश भट्ट ने अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क किया। निर्दलीय दीपक बेलवाल ने भी टनकपुर, बनबसा के नगरीय, ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। लोहाघाट में आप पार्टी प्रत्याशी राजेश बिष्ट, सपा प्रत्याशी निशार खान, निर्दलीय प्रत्याशी हिमेश कलखुड़िया, धीरज लडवाल, प्रकाश धामी गांव गांव जाकर लोगों से वोट मांग रहे हैं।