चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम के मेले में बस दो दिन बाकी है। 25 मार्च से शुरू मेले के लिए सुरक्षा के बंदोबस्त कर दिए गए हैं। बुधवार तक पुलिस फोर्स मेला स्थल पहुंच जाएगा। मंगलवार को मां पूर्णागिरि धाम मेले के लिए बनने वाले दो अस्थायी थानों और ठुलीगाड़ चौकी के लिए प्रभारियों के नाम का एलान कर दिया गया है।
हरिद्वार अर्द्धकुंभ से चंपावत जिले से गया सारा पुलिस बल वापस आ गया है। मेले के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि मां पूर्णागिरि के मुख्य मंदिर के पास अस्थायी रूप से बनाए गए काली मंदिर थाने के लिए चल्थी पुलिस चौकी के इंचार्ज विनोद जोशी को प्रभारी बनाया गया है।
भैरव मंदिर थाने का प्रभारी तामली के थानाध्यक्ष जनार्दन भट्ट को बनाया गया है, जबकि ठुलीगाड़ में एसएस खड़ायत थानाध्यक्ष होंगे। इन सभी थानों में कुछ एसआई, महिला पुलिस, प्रांतीय रक्षक दल के जवान भी तैनात रहेंगे। साथ ही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेगा। मेला 25 मार्च से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा। सभी थानेदारों और पुलिस बल को बुधवार तक ड्यूटी स्थल पर पहुंचने को कहा गया है।