कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने जिले के सीमांत कठनौली गांव में शराब के भारी जखीरे के साथ पूर्व प्रधान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए मकान के निचले तल में ठिकाने लगाई गई साढ़े तीन सौ पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है।
बरामद की गई 58 पेटियों में 2784 पव्वे एवं 292 पेटियों में 3504 बोतल पिकनिक मार्का देसी मसालेदार शराब शामिल है। पंचायत चुनाव के दौरान जिले में पकड़ी गई शराब की अब तक की ये सबसे बड़ी खेप है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को तल्लादेश के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि उनके गांव में पूर्व प्रधान ने अपने घर में शराब का जखीरा ठिकाने लगा रखा है। इस पर प्रभारी कोतवाल सोनू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसडीएम से सर्च वारंट हासिल कर पूर्व प्रधान देव सिंह उर्फ दीवान सिंह पुत्र खीम सिंह के घर पर छापा मारा तो उसका एक कमरा शराब की पेटियों से भरा हुआ मिला।
पुलिस के मुताबिक देव सिंह का कोई रिश्तेदार इस बार पंचायत चुनाव लड़ रहा है। यह शराब उसने अपने रिश्तेदार के चुनाव के लिए ही एकत्र की थी। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 60 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
एसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पारितोषिक प्रदान करने की घोषणा की है। टीम में प्रभारी कोतवाल सोनू सिंह, पिंकी धामी, महंगा राम, गिरीश पाटनी, दीपक प्रसाद, मनोज बैरी, धर्मबीर सिंह, देशराज सिंह आदि शामिल थे।
विधानसभा चुनाव के बाद से जमा की जा रही थी शराब
चंपावत। जिले के कठनौली में बरामद की गई शराब वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से जमा की जा रही थी। बरामद की गई शराब डेढ़ से दो साल पुरानी बताई जा रही है। आबकारी निरीक्षक गौरव जोशी के अनुसार शराब की निकासी के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार शराब का यह जखीरा पंचायत चुनाव के मद्देनजर एक साल पूर्व से जमा किया जा रहा था।