टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में सिंगदा के पास बारहमासी सड़क कटिंग कार्य में लगी एक पोकलैंड पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई। अलबत्ता किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। एनएच पर पोकलैंड मशीन के पलटने से घंटों यातायात बाधित रहा।
सोमवार शाम छह बजे विकासखंड बाराकोट के सिंगदा मौकोट के पास बारहमासी सड़क के चौड़ीकरण कार्य में लगी पोकलैंड पहाड़ी में चढ़ी थी। एकाएक अनियंत्रित होकर वह पहाड़ी से लुढ़ककर सड़क पर अटक गई।
पोकलैंड के दुर्घटनाग्रस्त होते समय सड़क पर वाहन न चलने से एक बड़ी घटना टल गई। एनएच के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला ने कहा कि सिंगदा के किलोमीटर 160 के पास आरजीबी कंपनी की ओर से सड़क कटिंग का काम किया जा रहा है।
बताया कि पोकलैंड के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही दूसरी मशीन को उसे निकालने के लिए भेज दिया है। देर शाम पोकलैंड को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु किया गया।