चंपावत के नागनाथ मंदिर में किया गया सुंदरीकरण।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक नागनाथ मंदिर सुंदरीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। मंदिर परिसर में टिनशेड लगाया गया है। जिससे अब श्रद्धालुओं को धूप और बरसात में होने वाली परेशानी से निजात मिल सकेगी। सुंदरीकरण में 7.50 लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई है।
चंपावत तहसील के निकट नागनाथ मंदिर का सुंदरीकरण किया गया है। कमेटी के पदाधिकारी विकास साह, भगवत शरण राय, रवींद्र तड़ागी, अमरनाथ वर्मा आदि ने बताया कि ऐतिहासिक नागनाथ मंदिर का कुछ हिस्सा छतविहीन था। जिससे श्रद्धालुओं को धूप और बरसात में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि इसी समस्या को देखते हुए सूबे के तत्कालीन सीएम हरीश रावत ने मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पांच लाख रुपये स्वीकृत किए थे। इसके अलावा मंदिर के पुजारी शंकर नाथ रावल, सुरेश नाथ, कैलाश नाथ और रमेश नाथ ने 1.50 लाख रुपये जबकि सीहॉक और लडवाल फाउंडेशन के निदेशक नरेंद्र लडवाल ने एक लाख रुपये की धनराशि मंदिर समिति को दी थी। जिसके बाद मंदिर का सुंदरीकरण किया गया। सुंदरीकरण के बाद अब श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी से निजात मिल सकेगी।