चंपावत के ललुवापानी सड़क पर बीएसएनएल की कटी केबिल ठीक करते कर्मी। स्रोत : बीएसएनएल
चंपावत। चंपावत मुख्यालय में भारत संचार निगम लिमिटेड की संचार से 16 घंटे से अधिक समय से ठप रहने से लोगों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। संचार सेवा बाधित होने से 10 हजार की आबादी परेशान रही।
जिला मुख्यालय में मंगलवार रात करीब 10 बजे बीएसएनएल की संचार सेवा ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं के फोन खिलौने बनकर रह गए। बीएसएनएल के सिम इस्तेमाल करने वाले विभागीय अधिकारी भी एक-दूसरे से बात नहीं कर पाए। कनेक्टिविटी नहीं होने से बुधवार सुबह सीएससी पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश सीएससी में बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड कनेक्शन हैं। ऐसे में उनके काम प्रभावित रहे। एक सीएससी के कमल ने बताया कि 60 से अधिक लोग दिन में कई बार आकर वापस चले गए। इसके अलावा कई कार्यालयों में भी कार्य प्रभावित रहे। दोपहर बाद करीब तीन बजे संचार सेवा बहाल हुई।
बीएसएनएल के जीटीओ विजय बहादुर ने बताया कि नगर में पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। मंगलवार रात को बीएसएनएल की मुख्य सप्लाई लाइन की केबल कटने के कारण संचार सेवा ठप हो गई थी। पिथौरागढ़ से केबल ठीक करने के लिए टीम आई थी। इससे चंपावत की संचार सेवा ठप रही। अभी आधे हिस्से व्यवस्था ठीक कर दी गई है, देर शाम तक हर जगह व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।