बनबसा के अंबेडकर ग्राम फागपुर का खस्ताहाल मार्ग।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर को एनएच से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पिछले कई वर्षों में खस्ताहाल हो चुका है। कई जगह उधड़ने के साथ ही सड़क पर गड्ढे पड़ चुके हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खस्ताहाल मार्ग पर कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने जल्द मार्ग के जीर्णोद्धार न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
फागपुर का प्रमुख संपर्क मार्ग पिछले चार वर्षों से काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। करीब दो किमी लंबे मार्ग पर कई जगह गड्ढे पड़ गए हैं, जिनमें बरसात में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2000 में आंबेडकर ग्राम फागपुर को एनएच से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का जीर्णोद्धार लोनिवि ने कराया था। पूर्व प्रधान गीता देवी ने अपने कार्यकाल में चार वर्ष पूर्व सड़क मरम्मत को प्रशासन के अलावा लोनिवि को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन समस्या नहीं सुलझी। क्षतिग्रस्त मार्ग से आवागमन समेत ग्रामीणों को कृषि उत्पाद मंडी एवं बाजार तक लाने-ले जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोनिवि के एई विभोर गुप्ता ने बताया कि सड़क के पेचवर्क को शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलते ही सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।