जिला मुख्यालय में आंगनबाड़ी वर्करों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
दीपा पांडेय की अध्यक्षता और विमला पनेरू के संचालन में धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि न्यायोचित मांगों को पूरा करने के बजाए आंगनबाड़ी वर्करों पर लाठीचार्ज कर उन्हें मौत के घाट उतारा जा रहा है। लोहाघाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने सड़क पर उतर कर केंद्र सरकार, यूपी के सीएम, यूपी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ ही गहरा आक्रोश जताया।
आंगनबाड़ी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष शर्मिला बोहरा के नेतृत्व में कार्यकर्त्रियों ने हाथों पर काले फीते बांधकर लोहाघाट बाजार में जुलूस निकाला। बाद में उन्होंने दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान पुष्पा पाटनी, उषा कुंवर, पुष्पा बोहरा, समीना बानू, कविता जोशी आदि मौजूद रहीं।
पाटी में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने कार्य बहिष्कार कर सरकार विरोधी नारे लगाए। ब्लॉक अध्यक्ष उषा देवी के नेतृत्व में कार्यकर्त्रियों ने प्रदर्शन किया। धरना देने वालों में संतोषी, निर्मला, मीनू जोशी, कमला भट्ट, मीना लडवाल, मीना भट्ट आदि कार्यकर्त्रियां शामिल थीं।
टनकपुर में बुधवार को भी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटके रहे। आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (एक्टू) की प्रदेश अध्यक्ष दीपा पांडेय ने धरना स्थल पर पहुंच प्रदेश सरकार के नकारात्मक रवैये पर रोष जताया। इस दौरान जिलाध्यक्ष लीला महर, सरोज मौनी, गोविंदी देवी, गीता देवी, सरोज चंद आदि मौजूद थीं।