पुलिस और फायर बिग्रेड की आपदा प्रबंधन टीम ने लोहाघाट और पंचेश्वर थानों में आपदा के समय काम आने वाले उपकरणों का प्रदर्शन कर लोगों को इसके उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान लोगों को आपदा के समय आसपास पड़ी वस्तुओं के उपयोग से प्रभावितों को राहत दिलाने के तरीके बताए।
शनिवार को लोहाघाट में एसआई अरविंद कुमार, एसआई सुधा रावत, लीडिंग फायरमैन नरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस और फायर कर्मियों ने वुड कटर, आयरन कटर, स्ट्रेचर, लाइफ जैकेट, आस्का लाइट की जानकारी दी। उन्होंने आपदा के वक्त आसपास पड़े, लकड़ी, बोरे, कंबल, रस्सियों के सहारे स्ट्रेचर तैयार करने, घायलों को कंधों के सहारे राहत शिविरों तक पहुंचाने आदि का प्रदर्शन किया। इस मौके पर हैड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हरीश सिंह, भूपेंद्र बिष्ट, राकेश रोंकली, अशोक वर्मा आदि लोग शामिल थे।
इधर पंचेश्वर कोतवाली अंतर्गत पुल्ला तिराहे में थानाध्यक्ष डीएल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आपदा उपकरणों की जानकारी देने के साथ आपदा के वक्त राहत सहायता में सहयोग करने की लोगों से अपील की। इस मौके पर एसआई बीएस बिष्ट, हेमा कार्की, प्रकाश चंद्र, महेश चंद्र, नवीन चंद्र, मनीष पुनेठा, नवीन कोहली, शिवराज सिंह, लक्ष्मण सिंह, पूरन राम, दीपक जोशी, दीपक पंत, नवीन लाल वर्मा, रवि वर्मा आदि मौजूद रहे।
आपदा के दौरान सहयोग की अपील
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगामी मानसून सत्र को देखते हुए बारहमासी सड़क, आपदाओं को लेकर थाने में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें नगर क्षेत्र के लोगों, जन प्रतिनिधियों, व्यापार संघ, सरकारी, प्राइवेट अस्पतालों के डाक्टरों आदि से सहयोग की अपील की गई। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल के दिशा निर्देशन और थानाध्यक्ष मनीष खत्री की अध्यक्षता में लोहाघाट थाने में आयोजित गोष्ठी में आपदा के वक्त पुलिस प्रशासन, चिकित्सा विभाग, व्यापार मंडल और नागरिकों से आपसी समन्वय करते हुए आपदा के समय दी जाने वाली राहत सहायता में सहयोग की अपील की गई। इस दौरान आपदा में फंसे लोगों को खाना, पानी, चिकित्सा तथा राहत बचाव कार्यों के विषय में विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी में जन प्रतिनिधि, व्यापार संघ, चिकित्सक स्टाफ आदि के अलावा डॉ.केके पुनेठा, डॉ.कीर्ति मेहता, गोविंद वर्मा, नवीन बोहरा, कैलाश पांडेय आदि मौजूद रहे।