नगरपालिका की ओर से मुडियानी ग्राम पंचायत में उद्यान विभाग की नर्सरी की भूमि पर ट्रंचिंग ग्राउंड बनाए जाने का विरोध शुरू हो गया है।
शनिवार को मुडियानी, चैकुनीबोरा, बाजरीकोट, राकड़ीफुलारा, चौड़ासेठी और खर्ककार्की सहित तमाम गांवों के ग्रामीणों ने इसके विरोध में डीएम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना था कि मुडियानी में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने के लिए उद्यान विभाग की नर्सरी का चयन किया जा रहा है जो पर्यावरण हित में नहीं है। यदि ऐसा किया जाता है तो ग्रामीण उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन प्रस्तावित की जा रही है वहां से 100 मीटर नीचे पौराणिक आस्था का शिवधाम ताड़केश्वर मंदिर, आश्रम और श्मशान घाट स्थित है। इसके अलावा रामायण कालीन सीताकुंड और उत्तरमुखी गंडक नदी का उद्गम स्थान भी है। डीएम ने इस मामले में एसडीएम से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
डीएम को ज्ञापन देने वालों में नवीन सिंह, मोहित सिंह, भगवत सिंह, दीपक सिंह, रमेश चंद्र जोशी, गणेश सिंह, ललित सिंह, चंदर सिंह बोहरा, मंगल सिंह महर, मदन सिंह महर, पूरन सिंह, चतुर सिंह, दीपक सिंह मेहता, दीपक महर, विजय मेहरा, अशोक सिंह, प्रहलाद सिंह, नाथ सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे।
ट्रंचिंग ग्राउंड न होने से खुले में फेंका जाता है कूड़ा
चंपावत। जिला मुख्यालय के कूड़े के निस्तारण के लिए स्थायी ट्रंचिंग ग्रांउड नहीं बनने से नगर पालिका की ओर से ललुवापानी रोड पर सर्किट हाउस के समीप सेलाखोला वन पंचायत की भूमि पर अस्थायी ट्रंचिंग ग्राउंड में खुले में कूड़ा फेंका जाता है। इसका आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से विरोध करते आ रहे हैं।
मुडियानी में ट्रंचिंग ग्रांउड के लिए जमीन चिन्हित की गई है। ग्रामीणों के विरोध के बाद इस संबंध में जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अभिनव कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका चंपावत।
डीएफओ ने ट्रंचिंग ग्राउंड की प्रस्तावित भूमि का किया निरीक्षण
बनबसा (चंपावत)। बनबसा और टनकपुर के लिए संयुक्त ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने करने को लेकर डीएफओ निधिमणी त्रिपाठी यहां पहुंचे। उन्होंने चूनाभट्टा के सामने ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए तय वन भूमि से लगे खाली क्षेत्र का निरीक्षण किया जिस पर अपने मातहतों को ट्रंचिंग ग्राउंड तैयार करने के निर्देश दिए।
बनबसा और टनकपुर के कूड़ा निस्तारण को बनबसा में संयुक्त ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया जाना है। शासन से बनबसा में स्वीकृत ट्रंचिंग ग्राउंड को अंतिम रूप देने को पूर्वी तराई वन प्रभाग हल्द्वानी के डीएफओ त्रिपाठी ने शनिवार को बनबसा का भ्रमण किया।
ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पूर्वी तराई वन प्रभाग खटीमा के रेंजर को ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रेंजर बीएस बिष्ट ने बताया कि जल्द ही बनबसा क्षेत्र में बनबसा और टनकपुर के लिए बनने वाले संयुक्त ट्रंचिंग ग्राउंड का प्रस्ताव पारित कर बनबसा नगर पंचायत प्रशासन को सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बनबसा में छीनी कंपार्टमेंट संख्या 13 ब पर 0.80 हेक्टेयर भूमि ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए तय की गई है। इस मौके पर वन दरोगा महीप गिरि गोस्वामी, अशोक कुमार गौतम, वनबीट अधिकारी भुवन चंद्र कांडपाल के अलावा विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे। बता दें कि चूनाभट्टा, चंदफार्म के ग्रामीण उक्त भूमि पर ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण कराए जाने का विरोध कर रहे हैं।
ट्रचिंग ग्राउंड को मुडियानी में बनाए जाने का चंपावत कलक्ट्रेट परिसर में विरोध करते ग्रामीण।- फोटो : CHAMPAWAT